राजकोट। गुजरात से महिलाओं की निजता (प्राइवेसी) और मेडिकल सुरक्षा से खिलवाड़ का एक बेहद घिनौना और रोंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ अस्पतालों के लेबर रूम में लगे सीसीटीवी कैमरों को हैक कर, प्रसव और इलाज के दौरान महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो ऑनलाइन बेचे जा रहे थे। इस गंभीर साइबर अपराध ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है।
यह मामला तब उजागर हुआ जब सोशल मीडिया पर एक अस्पताल के लेबर रूम का वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक गर्भवती महिला को नर्स इंजेक्शन लगा रही थी। वीडियो के नीचे टेलीग्राम ग्रुप का लिंक देकर लिखा था- “पूरा वीडियो देखने के लिए यहाँ संपर्क करें।” अस्पताल प्रबंधन की शिकायत के बाद अहमदाबाद पुलिस और साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए देश के अलग-अलग राज्यों से अब तक इस गिरोह के 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विदेशी हैकर्स से जुड़े थे तार, ऐसे चलता था धंधा:
जांच में सामने आया कि इस गिरोह ने बाकायदा एक बिजनेस मॉडल तैयार कर रखा था। आरोपी रोमानिया और अमेरिका के हैकर्स से वर्चुअल नंबर्स के जरिए सीसीटीवी हैकिंग टूल्स लेते थे। इसके बाद वे हैक किए गए वीडियो के छोटे हिस्से (टीज़र) अपने तीन यूट्यूब चैनलों पर अपलोड करते थे।
पूरा वीडियो देखने के लिए ग्राहकों को टेलीग्राम के “मेघा डेमो” और “CCTV Injection Group” जैसे ग्रुप्स में जोड़ा जाता था। यहाँ एक वीडियो 800 से 2,000 रुपये में बेचा जाता था। पेमेंट के लिए यूपीआई (UPI) और गिफ्ट वाउचर का इस्तेमाल होता था। यह गिरोह अब तक लाखों रुपये की अवैध कमाई कर चुका था, जिसकी जांच जारी है।
