वाराणसी मंडल रेलवे बैठक: रुडी की अगुवाई में जुटी सांसदों की टोली, छपरा समेत कई स्टेशनों के कायाकल्प पर मुहर

Follow Us

वाराणसी। पूर्व केंद्रीय मंत्री और सारण सांसद राजीव प्रताप रूडी की अध्यक्षता में पूर्वोत्तर रेलवे, वाराणसी मंडल की संसदीय समिति की अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में महाराजगंज सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल, नीरज शेखर, सीमा द्विवेदी सहित कई सांसदों, उनके प्रतिनिधियों और रेल अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में रेल परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और अंडरपास में जलजमाव जैसी जनसमस्याओं पर गहन चर्चा हुई। सांसद रूडी ने निर्देश दिया कि हर सांसद के लिए एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए जो क्षेत्रीय योजनाओं का समन्वय करेगा। इसके अलावा स्टेशनों पर सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल रूम और महिला यात्रियों के लिए सैनिटरी पैड की आसान उपलब्धता पर सहमति बनी।

बैठक में सारण क्षेत्र के विकास पर विशेष जोर रहा। छपरा कचहरी स्टेशन पर मौर्य, बाघ और लिच्छवी एक्सप्रेस के दोबारा ठहराव तथा कामायनी व बलिया-नई दिल्ली सुपरफास्ट ट्रेन का छपरा तक विस्तार करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही छपरा जंक्शन के समग्र पुनर्विकास, नए प्लेटफॉर्मों पर लिफ्ट, रैम्प, एसी लाउंज और छपरा-सिवान-बलिया से पटना के लिए नई मेमू (MEMU) सेवा शुरू करने जैसे बड़े फैसलों पर विस्तृत रणनीति तैयार की गई।

• महाराजगंज के सांसद सिग्रीवाल ने बैठक में अपने क्षेत्र के प्रमुख विषयों को प्रमुखता से उठाया।
• बलिया-छपरा-सिवान से पटना के लिए डीएमयू/मेमू सेवा का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजने का निर्देश।
• रेलवे, नगर निगम एवं स्थानीय प्रशासन के बीच समन्वय समिति गठित करने का सुझाव।
• पटेढ़ी, छपरा कचहरी एवं छपरा जंक्शन सहित सारण क्षेत्र के महत्वपूर्ण रेल मुद्दों पर विमर्श।
• ट्रेनों एवं स्टेशनों पर महिलाओं के लिए सेनेटरी पैड उपलब्ध कराने की व्यवस्था सरल बनाने पर चर्चा।
• प्रत्येक सांसद के लिए रेलवे का एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने का निर्णय।
• सभी स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे एवं केंद्रीकृत मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम स्थापित करने पर जोर।
• अंडरपास, समपार फाटक एवं जलजमाव वाले स्थलों की सूची एवं कार्ययोजना उपलब्ध कराने का निर्देश।