मोबाइल बैटरी से खेलना पड़ा भारी: विस्फोट में झुलसे मासूम की मौत, परिवार में मातम

Follow Us

अंबिकापुर। सूरजपुर जिले के प्रेमनगर क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां खराब मोबाइल फोन की बैटरी से खेलते समय हुए विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसे एक वर्षीय मासूम की इलाज के दौरान मौत हो गई। इस हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। जानकारी के अनुसार, घटना प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बरमपुर गांव की है। मृतक बच्चे के पिता महेंद्र कुमार ने बताया कि उनके अन्य बच्चे सड़क पर पड़ी एक खराब मोबाइल बैटरी उठाकर घर ले आए थे। इसी दौरान परिवार का सबसे छोटा, एक वर्षीय बच्चा उस बैटरी से खेल रहा था।

बताया जा रहा है कि अचानक बैटरी में जोरदार विस्फोट हो गया, जिससे मासूम का चेहरा, हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए। हादसे के बाद परिजन तत्काल बच्चे को प्रेमनगर के स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया।सूरजपुर में भी हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टरों ने उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। वहां इलाज के दौरान मासूम ने दम तोड़ दिया।परिजनों के अनुसार, महेंद्र कुमार के पांच बच्चे हैं और मृतक बच्चा परिवार में सबसे छोटा था। मासूम की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक का माहौल है। यह घटना बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर चेतावनी भी है। विशेषज्ञों के अनुसार खराब या फेंकी गई इलेक्ट्रॉनिक वस्तुएं, विशेषकर मोबाइल बैटरियां, अत्यंत खतरनाक हो सकती हैं और इन्हें बच्चों की पहुंच से दूर रखना चाहिए।