सीएम विष्णुदेव साय ने कोण्डापल्ली बेली ब्रिज का किया निरीक्षण, विकास कार्यों की सराहना

Follow Us

बीजापुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान मंगलवार को बीजापुर जिले के कोण्डापल्ली में निर्मित बेली ब्रिज का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का जायजा लिया और कहा कि यह पुल दूरस्थ इलाकों के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी दुर्गम और पहुंच से दूर माने जाने वाले इस क्षेत्र में निर्मित बेली ब्रिज केवल दो किनारों को जोड़ने का कार्य नहीं कर रहा है, बल्कि यह क्षेत्रवासियों की उम्मीदों और विकास की संभावनाओं को भी नई दिशा दे रहा है। पुल के निर्माण से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलने के साथ-साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच आसान होगी।

उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति मिलेगी तथा स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार आएगा। लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की चुनौतियों का सामना कर रहे ग्रामीणों को अब आवागमन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर अब परिवर्तन और विकास के नए अध्याय लिख रहा है। जहां पहले दूरी और दुर्गमता विकास में बाधा बनती थीं, वहीं अब सड़क, पुल और जनकल्याणकारी योजनाएं क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोल रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि विकास कार्यों की यह रफ्तार बस्तर को आत्मनिर्भर, सशक्त और समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। बदलता हुआ बस्तर आज विकसित और आत्मविश्वास से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनकर उभर रहा है।