दुर्ग। पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुम्हारी ओवरब्रिज के नीचे वाहन चेकिंग के दौरान एक क्रेटा कार से 14.5 किलो गांजा बरामद किया है। तस्करों ने गांजे को कार के चारों दरवाजों के अंदर बनाए गए गुप्त चेंबर में छिपा रखा था। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से गांजे की खेप लेकर कुछ तस्कर महासमुंद और रायपुर के रास्ते दुर्ग-भिलाई क्षेत्र पहुंचने वाले हैं। सूचना के आधार पर थाना कुम्हारी पुलिस और एसीसीयू-क्राइम टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान रायपुर की ओर से आ रही क्रेटा कार (CG 04 HX 6908) को रोककर तलाशी ली गई। प्रारंभिक जांच में वाहन से गांजे की तेज गंध आने पर पुलिस को संदेह हुआ। इसके बाद कार की गहन जांच की गई, जिसमें चौंकाने वाला खुलासा हुआ।पुलिस ने पाया कि कार के चारों दरवाजों के अंदर विशेष रूप से सीक्रेट चेंबर तैयार किए गए थे। इन चेंबरों में गांजा भरकर ऊपर से फाइबर शीट लगा दी गई थी, ताकि सामान्य जांच में इसकी जानकारी न मिल सके। दरवाजों को खोलकर जांच करने पर कुल 14.5 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 7.25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। जांच एजेंसियां अब गांजे की सप्लाई चेन और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं।
