‘लूट के लिए साथ आए डीएमके-एआईएडीएमके’ खरीद-फरोख्त के आरोपों पर सीएम विजय जोसेफ का तीखा पलटवार

Follow Us

चेन्नई। तमिलनाडु के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने विपक्षी दलों द्वारा खुद पर लगाए गए विधायकों की खरीद-फरोख्त (हॉर्स-ट्रेडिंग) के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद अपनी पहली विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्षी पार्टियों पर तीखा हमला बोला। सीएम विजय ने कहा कि द्रमुक (DMK) और अन्नाद्रमुक (AIADMK) पर्दे के पीछे से गुप्त रूप से हाथ मिलाकर खुद सरकार बनाने और तमिलनाडु को एक बार फिर लूटने की साजिश रच रहे थे।

पूर्व मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार पूरी तरह से आम आदमी की सरकार है, जिसे रोकने के लिए स्टालिन ने हर संभव कोशिश की। उन्होंने कहा कि DMK का ‘परिवारवाद’ ही उसकी हार की सबसे बड़ी वजह बना है। विजय ने DMK को एक “बुरी ताकत” और AIADMK को “खत्म हो चुकी ताकत” करार दिया। उन्होंने साफ कहा कि दोनों दल जानते थे कि यदि टीवीके (TVK) सत्ता में आई तो उनका भ्रष्टाचार और लूट का धंधा हमेशा के लिए बंद हो जाएगा।

अपनी लोकप्रियता पर भरोसा जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष जितनी ज्यादा हमारी आलोचना करेगा, टीवीके को उतना ही बड़ा राजनीतिक फायदा मिलेगा। उन्होंने जनता का आभार जताते हुए कहा, “आपने मुझे मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि अपना प्रथम सेवक चुना है।” खुद को तिरुचिरापल्ली की जनता के बेहद करीब बताते हुए सीएम विजय ने दोहराया कि उनका सीधा मुकाबला सिर्फ और सिर्फ DMK से है, बाकी पार्टियां रेस में कहीं मायने ही नहीं रखतीं।