उज्जैन। प्रसिद्ध फिल्म निर्माता मधुर भंडारकर, अभिनेता जय भानुशाली और अभिनेत्री आरती सिंह सोमवार तड़के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे। तीनों दिग्गजों ने तड़के 3 बजे होने वाली बाबा महाकाल की अलौकिक भस्म आरती में हिस्सा लिया और नंदी हॉल से दर्शन कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लिया। लगभग दो घंटे चली इस दिव्य आरती के दौरान तीनों कलाकार शिव भक्ति में पूरी तरह लीन नजर आए। आरती के बाद उन्होंने नंदी जी का पूजन किया और चांदी द्वार से जल अर्पित कर अपनी मनोकामनाएं मांगी। महाकाल मंदिर प्रबंध समिति की ओर से भी तीनों का भव्य स्वागत किया गया।
दर्शन के बाद मधुर भंडारकर ने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि, वह पिछले 20-22 सालों से लगातार महाकाल मंदिर आ रहे हैं, लेकिन इस बार काफी समय बाद भस्म आरती का सौभाग्य मिला है। उन्होंने महाकाल कॉरिडोर (महाकाल लोक) की तारीफ करते हुए कहा कि इसके बनने के बाद यहां बहुत ही सकारात्मक और भव्य परिवर्तन आया है। वहीं, अभिनेता जय भानुशाली ने बताया कि, वह अपनी करीबी दोस्त आरती सिंह के कहने पर यहां आए हैं। आरती का मानना है कि जो भी बाबा की भस्म आरती के दर्शन कर लेता है, उसका जीवन पूरी तरह बदल जाता है।
