छत्तीसगढ़ में मौसम का यू-टर्न: जून की शुरुआत बारिश से, आगे बढ़ सकती है गर्मी की मार

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जून की शुरुआत मौसम के बदले हुए मिजाज के साथ हुई है। प्रदेश के कई जिलों में बारिश, तेज आंधी और बादलों की आवाजाही से तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। इससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई है। हालांकि राहत के बीच एक नई चिंता भी सामने आई है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून की रफ्तार धीमी पड़ने से इसके छत्तीसगढ़ पहुंचने में देरी हो सकती है। ऐसे में जून के पहले पखवाड़े में मध्य और उत्तरी छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में हीटवेव की स्थिति बनने की आशंका है। वहीं बस्तर संभाग में नमी के प्रभाव से अत्यधिक गर्मी की संभावना कम बताई जा रही है।

पिछले 24 घंटों के दौरान पेंड्रा, चंद्रपुर, अंबिकापुर, कुटरू, तमनार और मुंगेली समेत कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
राजधानी रायपुर में सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश और तेज अंधड़ चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने दिन का तापमान 42 डिग्री और रात का तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है। मौसम के इस उतार-चढ़ाव के बीच लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।