मुंबई। बॉलीवुड स्टार शाहिद कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘कॉकटेल-2’ को लेकर जबरदस्त सुर्खियों में हैं। इसी बीच अभिनेता ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए सोशल मीडिया पर फैंस के साथ एक बेहद प्यारी और अनदेखी तस्वीर साझा की है। इंस्टाग्राम स्टोरीज पर पोस्ट की गई इस फोटो में नन्हे शाहिद एक मोटरसाइकिल के पास खड़े होकर बड़े ही स्वैग के साथ पोज देते नजर आ रहे हैं। तस्वीर के कैप्शन में उन्होंने मजाकिया लहजे में लिखा, “जब आपको बाइक्स का बेहद शौक हो और आपको खुद भी इस बात का अंदाजा न हो… जैसा कि आप देख सकते हैं, मेरा फैशन सेंस बचपन से ही काफी शानदार था।”
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहिद कपूर जल्द ही ‘कॉकटेल-2’ में दिखाई देंगे, जो कि सुपरहिट रोमांटिक-ड्रामा फिल्म ‘कॉकटेल’ का सीक्वल है। होमी अदजानिया के निर्देशन में बन रही इस फिल्म में आधुनिक रिश्तों और भावनात्मक उलझनों से बुना एक बेहद दिलचस्प लव-ट्रायंगल देखने को मिलेगा। चर्चा है कि इस बार फिल्म में कृति सेनन और रश्मिका मंदाना एक लेस्बियन कपल की भूमिका में हो सकती हैं, जबकि शाहिद कपूर इस अनोखे लव-ट्रायंगल का मुख्य हिस्सा होंगे। यह पहली बार है जब शाहिद और रश्मिका स्क्रीन शेयर कर रहे हैं। फिल्म का संगीत प्रीतम ने तैयार किया है, और इसके गाने ‘तुझको’, ‘माशूका’ और ‘जब तलक’ पहले ही हिट हो चुके हैं। यह फिल्म 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देने के लिए पूरी तरह तैयार है।
