गोल्ड सिल्वर अपडेट: एक ही हफ्ते में सोना रु.1,200 से ज्यादा और चांदी रु.2,600 से अधिक हुई सस्ती

Follow Us

नई दिल्ली। इस हफ्ते सर्राफा बाजार में सोना और चांदी खरीदने वालों के लिए बड़ी राहत की खबर आई है। वैश्विक बाजारों में जारी उठापटक के बीच घरेलू बाजार में सोने और चांदी की कीमतों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। एक सप्ताह के भीतर जहां सोना एक हजार रुपये से ज्यादा टूट गया, वहीं चांदी के दामों में दो हजार रुपये से अधिक की बड़ी कटौती देखने को मिली है।

इण्डिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, शुद्धता के आधार पर सोने-चांदी के दाम इस प्रकार रहे-

24 कैरेट गोल्ड: रु1,257 प्रति 10 ग्राम सस्ता होकर रु1,56,463 पर आ गया, जो पहले रु1,58,720 पर था। हफ्ते के दौरान 25 मई को यह रु1,58,857 के उच्चतम और 27 मई को रु1,56,072 के न्यूनतम स्तर पर पहुंचा।

22 कैरेट गोल्ड: इसका भाव घटकर रु1,43,320 प्रति 10 ग्राम रह गया है।

18 कैरेट गोल्ड: इसकी कीमत भी कम होकर रु1,17,347 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई।

चांदी की चमक पड़ी फीकी: चांदी की कीमत रु2,650 प्रति किलो की भारी गिरावट के साथ रु2,63,350 पर आ गई। हफ्ते के दौरान चांदी का उच्चतम स्तर रु2,71,100 और न्यूनतम स्तर रु2,60,917 रहा।

बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक स्तर पर बढ़ती महंगाई की आशंका और अमेरिका-ईरान तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में आई उछाल इस गिरावट की मुख्य वजह रही। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,600 डॉलर प्रति औंस और चांदी 76 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रही है। हालांकि, लंबी अवधि के निवेशकों के लिए यह बाजार अब भी मुनाफे का सौदा है, क्योंकि बीते एक साल में डॉलर के मुकाबले सोने ने 37% और चांदी ने 127% से ज्यादा का शानदार रिटर्न दिया है।