रायगढ़। धरमजयगढ़ क्षेत्र में भारतमाला सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 5 बैलों की मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना रैरुमा से कुछ दूरी पर काजूबाड़ी के पास की बताई जा रही है, जहां एक तेज रफ्तार भारी वाहन ने सड़क पर मौजूद 7 बैलों को अपनी चपेट में ले लिया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन की रफ्तार इतनी अधिक थी कि टक्कर के बाद 5 बैलों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में दो बैल गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है। दुर्घटना के दौरान एक एर्टिगा कार भी टक्कर की चपेट में आ गई, जिससे कार को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई और ग्रामीणों ने हादसे पर गहरा आक्रोश जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भारतमाला सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। ग्रामीणों ने दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। सूचना मिलने पर संबंधित विभाग और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। मामले की जांच की जा रही है और दुर्घटना के लिए जिम्मेदार वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
