कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुए हमले के मामले में बंगाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में तपन माइती और आकाश भी शामिल हैं, जिनकी पहचान घटना के वक्त सामने आए वीडियो के आधार पर की गई है। फिलहाल पुलिस इन सभी आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ कर रही है। यह घटना तब हुई जब अभिषेक बनर्जी दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में चुनावी हिंसा के पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान उग्र भीड़ ने उन्हें घेरकर उन पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी शर्ट फट गई और उन पर अंडे भी फेंके गए। टीएमसी ने इस हमले का सीधा आरोप बीजेपी पर लगाया है, जिससे राज्य का सियासी पारा चढ़ गया है।

दूसरी ओर, इस घटना पर पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने बंगाल सरकार और कानून-व्यवस्था पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने अस्पताल प्रशासन की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठाए। ममता बनर्जी ने पूछा कि यदि अभिषेक की हालत गंभीर नहीं थी, तो उन्हें आईटीयू (ITU) में क्यों रखा गया? और यदि वे गंभीर थे, तो दबाव में आकर उन्हें इतनी जल्दी रिलीज क्यों कर दिया गया? उन्होंने इसे सुरक्षा में एक बहुत बड़ी चूक करार देते हुए कहा कि अभिषेक के शरीर में चोट के कारण खून के थक्के जमे हुए हैं। फिलहाल इस मामले की जांच काफी तेजी से चल रही है।
