बाजार में लौटी रौनक: ग्लोबल संकेतों के दम पर सेंसेक्स-निफ्टी ने भरी ऊंची उड़ान, रियल्टी सेक्टर ने मारी बाजी

Follow Us

नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में आज यानी सोमवार, 25 मई को जबरदस्त तेजी देखने को मिल रही है। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 800 अंकों (1.13%) की भारी बढ़त के साथ 76,300 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी भी 250 अंक (1.10%) चढ़कर 24,000 के ऐतिहासिक मनोवैज्ञानिक स्तर को पार कर गया है। आज के कारोबार में सबसे ज्यादा तेजी रियल्टी सेक्टर के शेयरों में देखी जा रही है, जबकि आईटी शेयरों में बढ़त थोड़ी धीमी है। इससे पहले बीते शुक्रवार को भी सेंसेक्स 232 अंक और निफ्टी 65 अंक चढ़कर बंद हुए थे।

बाजार में आई इस तूफानी तेजी के पीछे वैश्विक संकेत बेहद मजबूत हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान ने पूरी दुनिया के निवेशकों में नया जोश भर दिया है। ट्रंप ने दावा किया है कि ईरान के साथ युद्ध खत्म करने का समझौता अंतिम चरण में है और खाड़ी देशों व इजरायल से चर्चा के बाद इसे फाइनल कर दिया जाएगा। इस समझौते के तहत दुनिया के सबसे अहम तेल मार्ग ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ को दोबारा पूरी तरह खोल दिया जाएगा, जहां से दुनिया की 20% तेल सप्लाई होती है। इस खबर से कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतें घटने की उम्मीद जगी है, जिससे ग्लोबल मार्केट झूम उठे हैं।

इस राहत के चलते अमेरिकी बाजारों (डाउ जोन्स, नैस्डैक और S&P 500) में मजबूती रही, जिसका सीधा असर एशियाई बाजारों पर भी दिखा। जापान का निक्केई इंडेक्स रिकॉर्ड 1887 अंक (2.98%) उछल गया, जबकि साउथ कोरिया का कोस्पी और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग भी हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। वैश्विक शांति की इस उम्मीद ने भारतीय निवेशकों के सेंटिमेंट को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है।