यूपी में पावर कट पर सीएम योगी सख्त: अधिकारियों को दिए दो टूक निर्देश-गर्मी चाहे जितनी हो, गांव-शहर कहीं न कटे बिजली

Follow Us

लखनऊ।उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच अघोषित बिजली कटौती से मचे हाहाकार को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ा रुख अपनाया है। लखनऊ, कानपुर और अलीगढ़ समेत कई शहरों में बिजली गुल होने से नाराज लोगों के सड़कों पर उतरने के बाद सीएम योगी ने आपात बैठक बुलाई। इस विशेष समीक्षा बैठक में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, पावर कॉर्पोरेशन के चेयरमैन आशीष गोयल और तमाम आला अधिकारी मौजूद रहे। सीएम योगी ने स्थिति पर नाराजगी जताते हुए सख्त निर्देश दिए कि चाहे गांव हो या शहर, इस तपती गर्मी में जनता को बिना किसी रुकावट के निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को आदेश दिया कि बढ़ती मांग को देखते हुए बिजली उत्पादन क्षमता को बढ़ाया जाए और सभी पावर यूनिट्स को पूरी क्षमता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश में बिजली की पीक डिमांड 30,339 मेगावाट के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच चुकी है। इस भारी लोड के बीच ट्रांसमिशन नेटवर्क को और मजबूत तथा भरोसेमंद बनाने की जरूरत है।

व्यवस्था में सुधार के लिए सीएम योगी ने फीडर वार मॉनिटरिंग करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का तुरंत निस्तारण होना चाहिए। इसके साथ ही, आंधी-तूफान जैसी प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी बिजली व्यवस्था को तुरंत बहाल करने के लिए ‘क्विक रिस्पॉन्स सिस्टम’ को हर वक्त एक्टिव रखने को कहा गया है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।