लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मदरसा शिक्षा को आधुनिक और पारदर्शी बनाने की योगी सरकार की कोशिशों के बीच उप्र मदरसा शिक्षा परिषद ने मुंशी/मौलवी (सेकेंडरी) और आलिम (सीनियर सेकेंडरी) बोर्ड परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया है। अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने नतीजों का एलान करते हुए बताया कि इस वर्ष मदरसा बोर्ड का कुल पास प्रतिशत 88.26 रहा, जिसमें कुल 55,788 विद्यार्थी सफल हुए हैं। इस बार भी छात्राओं ने छात्रों को पछाड़ते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। जहां 94.30% सफलता दर के साथ 29,229 छात्राएं पास हुईं, वहीं छात्रों का पास प्रतिशत 85.13 रहा।
श्रेणीवार नतीजों की बात करें तो सेकेंडरी (मुंशी-मौलवी) परीक्षा में कुल 41,426 परीक्षार्थी सफल रहे और इसका कुल परिणाम 88.07% रहा। इसमें भी छात्राओं का दबदबा रहा और वे 91.46% की दर से पास हुईं। वहीं सीनियर सेकेंडरी (आलिम) परीक्षा में 88.79% विद्यार्थी सफल घोषित किए गए, जिसमें 7,822 छात्राओं (90.88%) ने सफलता हासिल की।
कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ की नीति और पीएम मोदी के ‘एक हाथ में कुरान, दूसरे हाथ में कंप्यूटर’ के विजन के साथ अल्पसंख्यक युवाओं के सशक्तीकरण के लिए लगातार काम कर रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दिशा-निर्देशों में इस बार परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से लाइव निगरानी रखी गई थी। परीक्षार्थी अपना रिजल्ट मदरसा बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।
