फलता/कोलकाता। पश्चिम बंगाल की हाई-प्रोफाइल फलता विधानसभा सीट पर आज सुबह से वोटों की गिनती शुरू हो गई है, जिसके नतीजे आज ही स्पष्ट हो जाएंगे। गौरतलब है कि गत 29 अप्रैल को मतदान के दौरान कुछ गड़बड़ी और धांधली की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद चुनाव आयोग ने संज्ञान लेते हुए इस सीट पर दोबारा चुनाव कराने का ऐतिहासिक फैसला सुनाया था, जिसके तहत 21 मई को यहां पुनर्मतदान संपन्न हुआ।
पुनर्मतदान के दौरान फलता सीट के मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और यहां रिकॉर्ड तोड़ 86 फीसदी से अधिक वोटिंग दर्ज की गई। अब इस भारी मतदान के बाद आज प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होने जा रहा है।
इस चुनाव का सबसे दिलचस्प मोड़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) के उम्मीदवार जहांगीर खान का रहा। चुनाव से ठीक पहले उन्होंने अचानक मैदान छोड़ने का ऐलान कर दिया, जिसे पार्टी ने उनका व्यक्तिगत निर्णय बताया। हालांकि, तकनीकी रूप से उनका नाम ईवीएम में दर्ज रहा। इस वजह से अब फलता सीट पर मुख्य मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है, जिसमें भाजपा के देवांशु पांडा, कांग्रेस के अब्दुल रजाक मोल्ला और माकपा (CPIM) के शंभू नाथ कुर्मी के बीच कांटे की टक्कर मानी जा रही है।
