नई दिल्ली। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2026 के 68वें मुकाबले में लखनऊ के खिलाफ 51 गेंदों पर 101 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेलकर इतिहास रच दिया है। यह उनके आईपीएल करियर का पहला शतक है, जिसके दम पर पंजाब को शानदार जीत मिली और अय्यर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया। अपनी इस ऐतिहासिक पारी के दौरान उन्होंने क्रिकेट जगत के कई बड़े कीर्तिमान अपने नाम कर लिए।
मैच में अपनी पारी का 25वां रन बनाते ही श्रेयस के टी-20 करियर में 7,000 रन पूरे हो गए। उन्होंने 2014 से अब तक 254 टी-20 मैचों में 4 शतक और 49 अर्धशतकों की मदद से 7,076 रन बनाए हैं। इसके अलावा, वह आईपीएल में कप्तान के तौर पर 3,000 रन पूरे करने वाले भारत के छठे बल्लेबाज बन गए हैं। इस फेहरिस्त में उनसे पहले एमएस धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज शामिल हैं। अय्यर ने यह मुकाम महज 99 पारियों में हासिल किया।
इस शतक के साथ श्रेयस आईपीएल इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक जड़ने वाले चौथे कप्तान भी बन गए हैं। इस सीजन में उनका प्रदर्शन लाजवाब रहा है, जहां उन्होंने 14 मैचों में 55.33 की शानदार औसत और 168.81 के स्ट्राइक रेट से 498 रन कूट दिए हैं। पंजाब की टीम जब 22 रन पर दो विकेट गंवाकर संकट में थी, तब श्रेयस ने प्रभसिमरन सिंह (69 रन) के साथ 140 रनों की साझेदारी कर मैच का पासा पलट दिया। 2015 में अपने आईपीएल सफर की शुरुआत करने वाले श्रेयस अब तक 146 मैचों में 4,220 रन बना चुके हैं।
