रांची। रांची के बिरसा मुंडा स्टेडियम में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन प्रतियोगिता भारतीय खेलों के इतिहास में स्वर्णिम अक्षरों में दर्ज हो गई है। प्रतियोगिता में पंजाब के गुरिंदरवीर सिंह, तमिलनाडु के विशाल टीके और रिलायंस के तेजस्विन शंकर ने रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर नया इतिहास रच दिया है।
पुरुषों की 100 मीटर रेस में पंजाब के गुरिंदरवीर सिंह ने महज़ 10.09 सेकेंड का समय निकालकर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड अपने नाम किया और स्वर्ण पदक जीता। इसके साथ ही उन्होंने ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स का क्वालिफिकेशन मार्क (10.16 सेकेंड) भी हासिल कर लिया। इस रेस में राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक ओडिशा के अनिमेष कुजूर 10.20 सेकेंड के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इस धमाकेदार रेस के कुछ ही मिनट बाद, 400 मीटर दौड़ में तमिलनाडु के विशाल टीके ने 44.98 सेकेंड का समय निकालकर इतिहास रच दिया। वह भारतीय धरती पर 45 सेकेंड से कम समय में यह रेस पूरी करने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए हैं।
ट्रैक के अलावा फील्ड इवेंट्स में डेकाथलॉन के स्टार खिलाड़ी तेजस्विन शंकर सबसे बड़े आकर्षण रहे। उन्होंने कुल 8,057 अंक हासिल कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया। तेजस्विन डेकाथलॉन में 8,000 अंकों का जादुई आंकड़ा पार करने वाले भारत के पहले एथलीट बन गए हैं।
महिला वर्ग में भी खिलाड़ियों का दबदबा रहा। 100 मीटर रेस में महाराष्ट्र की सुदेश्ना एच (11.56 सेकेंड) और 400 मीटर में तमिलनाडु की विथ्या रामराज (52.22 सेकेंड) ने सोने के तमगे जीते। वहीं, पोल वॉल्ट में बारानिका एलंगोवन और ट्रिपल जंप में निहारिका वशिष्ठ ने नए मीट रिकॉर्ड स्थापित किए। एथलेटिक फेडरेशन ऑफ इंडिया ने इस प्रदर्शन को भारतीय एथलेटिक्स का ऐतिहासिक क्षण बताया है।
