केकेआर को बड़ा झटका: स्टार बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी आईपीएल 2026 से बाहर; प्लेऑफ की राह हुई बेहद मुश्किल

Follow Us

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) के बेहद रोमांचक मोड़ पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) को एक बहुत बड़ा झटका लगा है। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ होने वाले करो या मरो वाले आखिरी लीग मैच से ठीक पहले टीम के इन-फॉर्म स्टार बल्लेबाज अंगकृष रघुवंशी चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ पिछले मैच में कैच लपकने के प्रयास में रघुवंशी साथी खिलाड़ी वरुण से टकरा गए थे, जिससे उनके सिर में चोट आई और बाएं हाथ की उंगली में फ्रैक्चर हो गया।

रघुवंशी का बाहर होना केकेआर के लिए किसी बुरे सपने जैसा है, क्योंकि वह इस सीजन में शानदार फॉर्म में चल रहे थे। उन्होंने 13 मैचों में 42.20 के बेहतरीन औसत से टीम के लिए सबसे ज्यादा 422 रन बनाए हैं, जिसमें पांच अर्धशतक भी शामिल हैं। फिलहाल प्लेऑफ की रेस काफी दिलचस्प हो चुकी है और चौथे स्थान के लिए चार टीमों में कांटे की टक्कर है। केकेआर इस समय 13 मैचों में 13 अंकों के साथ छठे स्थान पर है। प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए उसे न सिर्फ दिल्ली कैपिटल्स को बड़े अंतर से हराना होगा, बल्कि राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स की हार की दुआ भी करनी होगी।

इस सीजन में केकेआर की टीम खिलाड़ियों की चोटों से बुरी तरह जूझ रही है। रघुवंशी से पहले तेज गेंदबाज आकाश दीप पीठ की चोट और हर्षित राणा घुटने की चोट के कारण बाहर हो चुके हैं, जिनकी जगह क्रमशः सौरभ दुबे और नवदीप सैनी को टीम में शामिल किया गया था। गेंदबाजी की रीढ़ माने जाने वाले मथीशा पथिराना भी बार-बार चोटिल हो रहे हैं, जिससे दिल्ली के खिलाफ होने वाले इस महामुकाबले से पहले केकेआर की मुश्किलें सातवें आसमान पर पहुंच गई हैं।