रायगढ़। धरमजयगढ़ कॉलोनी स्थित ‘गुडलक फ्यूल्स’ पेट्रोल पंप पर डीजल-पेट्रोल के वितरण को लेकर शुक्रवार को स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने जमकर हंगामा किया। विवाद की शुरुआत तब हुई जब पंप प्रबंधन ने स्टॉक की कमी का हवाला देकर आम उपभोक्ताओं को डीजल देने से साफ मना कर दिया। स्थानीय निवासी लीलाम्बर यादव का आरोप है कि, उन्हें तो ईंधन देने से इनकार कर दिया गया, लेकिन उनके सामने ही कुछ चुनिंदा वाहनों को आसानी से डीजल दिया जा रहा था। इस कथित भेदभाव को देखकर मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
आक्रोशित लोगों ने पेट्रोल पंप प्रबंधन पर ईंधन संकट के बीच मनमानी और पक्षपातपूर्ण व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उपभोक्ताओं का कहना है कि, पेट्रोल पंप पर नियमों का समान रूप से पालन नहीं किया जा रहा है और आम जनता को परेशान किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों और वाहन चालकों ने जिला प्रशासन से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने मांग उठाई है कि पेट्रोल पंप के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज की बारीकी से जांच की जाए, जिससे यह सच सामने आ सके कि स्टॉक खत्म होने के दावे के बीच किन लोगों को ईंधन दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जांच में कोई अनियमितता या पक्षपात पाया जाता है, तो पेट्रोल पंप संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
