कोलकाता पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, आज दिल्ली में पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात

Follow Us

कोलकाता/नई दिल्ली। भारत और अमेरिका के मजबूत होते रिश्तों के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर सीधे कोलकाता पहुंचे हैं। बीते कुछ समय में टैरिफ, वीजा नीति और क्रूड ऑयल को लेकर दोनों देशों के रिश्तों में जो थोड़ी बहुत खटास आई थी, यह दौरा उसे ‘रिपेयर’ करने और रणनीतिक साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। खास बात यह है कि 14 साल बाद कोई अमेरिकी विदेश मंत्री कोलकाता आया है; इससे पहले 2012 में हिलेरी क्लिंटन ने यहाँ का दौरा किया था।

अपनी इस खास यात्रा की शुरुआत करते हुए मार्को रुबियो अपनी पत्नी जीनेट और भारत में अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर के साथ कोलकाता स्थित ‘मदर टेरेसा हाउस’ (मिशनरीज ऑफ चैरिटी) पहुंचे। वहाँ निर्मला शिशु भवन का दौरा करने के बाद वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। चार दिनों के इस अति-महत्वपूर्ण भारतीय दौरे के दौरान रुबियो कोलकाता के बाद आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का रुख करेंगे।

तय कार्यक्रम के अनुसार, अमेरिकी विदेश मंत्री आज ही दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। इस हाई-प्रोफाइल बैठक में व्यापार, एडवांस्ड टेक्नोलॉजी, रक्षा और ‘क्वाड’ (QUAD) जैसे अहम वैश्विक मुद्दों पर गहन चर्चा होगी। इसके बाद, रविवार को वे विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर के साथ हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक करेंगे। अपने दौरे के आखिरी दिन, यानी 26 मई को मार्को रुबियो दिल्ली में आयोजित ‘क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक’ में हिस्सा लेंगे और फिर अमेरिका के लिए रवाना हो जाएंगे।