मुंबई। सोशल मीडिया पर इन दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी के नामों से बना ‘मेलोडी’ (Melodi) ट्रेंड जबरदस्त तरीके से छाया हुआ है। इंटरनेट पर चल रहे इस मजेदार मीम फेस्ट में अब बॉलीवुड अभिनेत्री कृति खरबंदा भी शामिल हो गई हैं। कृति ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भूरे (ब्राउन) रंग की एक बेहद खूबसूरत ड्रेस में अपनी कुछ तस्वीरें पोस्ट की हैं, जिसका रंग बिल्कुल मशहूर ‘मेलोडी’ टॉफी से मेल खा रहा है। तस्वीरों को शेयर करते हुए अभिनेत्री ने बेहद चुटीले अंदाज में कैप्शन लिखा- “ये मेलोडी इतनी चॉकलेटी क्यों है?” कृति की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर आते ही वायरल हो गई है और फैंस कमेंट सेक्शन में जमकर मजेदार रिएक्शन दे रहे हैं।
दरअसल, ‘मेलोडी’ शब्द का इस्तेमाल नेटिजन्स वैश्विक मंचों पर पीएम मोदी और जियोर्जिया मेलोनी के बीच की कूटनीतिक बॉन्डिंग और हल्की-फुल्की बातचीत को हाईलाइट करने के लिए करते हैं। इस ट्रेंड को उस वक्त और रफ्तार मिल गई थी, जब इटली दौरे के दौरान पीएम मोदी ने जॉर्जिया मेलोनी को भारत की मशहूर मेलोडी टॉफी गिफ्ट की थी। मेलोनी ने भी इस क्यूट जेस्चर के लिए पीएम मोदी का शुक्रिया अदा करते हुए एक वीडियो शेयर किया था, जो इंटरनेट पर खूब वायरल हुआ था। यह ऑनलाइन ट्रेंड मनोरंजन के साथ-साथ दोनों देशों के बीच मजबूत हो रहे कूटनीतिक और व्यापारिक रिश्तों को भी दर्शाता है। वर्कफ्रंट की बात करें तो कृति खरबंदा हाल ही में मल्टीस्टारर फिल्म ‘हाउसफुल 5’ और एक्शन-क्राइम ड्रामा सीरीज़ ‘राणा नाइडू 2’ में नजर आ चुकी हैं।
