मुंबई। बकरीद से पहले मुंबई में खुले में पशु कुर्बानी को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा नेता किरीट सोमैया ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) और पुलिस प्रशासन से मांग की है कि, रिहायशी इलाकों, चॉलों और हाउसिंग सोसायटियों में खुले में कुर्बानी पर सख्त रोक लगाई जाए। सोमैया ने बीएमसी को पत्र लिखकर कहा है कि, अदालतों और नगर निगम द्वारा पहले से बनाए गए नियमों का कई जगहों पर पालन नहीं हो रहा है, जिससे शहर में कानून व्यवस्था और स्वच्छता से जुड़ी समस्याएं पैदा होती हैं। उन्होंने यह भी कहा कि, धार्मिक परंपरा के नाम पर नियमों की अनदेखी स्वीकार्य नहीं है।
भाजपा नेता ने BMC मेयर को भेजे पत्र में यह भी आग्रह किया कि, सभी वार्ड कार्यालयों को सख्त निर्देश दिए जाएं ताकि किसी भी आवासीय परिसर के आसपास पशु वध न हो। उन्होंने आरोप लगाया कि, कई स्थानों पर प्रतिबंध के बावजूद खुले में कुर्बानी की जाती है। दूसरी ओर BMC ने बकरीद को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। देवनार बूचड़खाने में विशेष बाजार और सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही 24 घंटे कंट्रोल रूम, QR कोड आधारित पशु सत्यापन प्रणाली और पुलिस बल की तैनाती की भी व्यवस्था की गई है। प्रशासन ने 28 से 30 मई के बीच निर्धारित 109 स्थानों पर कुर्बानी की अनुमति दी है। इस बीच 27 मई को बकरीद मनाए जाने की संभावना है, जो चांद दिखने पर निर्भर करेगी।
