लापरवाही ने ली 3 जान: बीएसपी के डीजीएम और एजीएम सस्पेंड, बिना सुरक्षा के मौत के गड्ढे में उतारे गए थे मजदूर

Follow Us

बालोद। छत्तीसगढ़ के दल्ली राजहरा में 12 मई को हुए हृदयविदारक हादसे में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई हुई है। सीवरेज पाइपलाइन विस्तार के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने के आरोप में भिलाई स्टील प्लांट (BSP) के दो वरिष्ठ अधिकारियों, डीजीएम मंगेश सेलकर और एजीएम (सिविल) रमेश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह हादसा उस वक्त हुआ जब फुटबॉल ग्राउंड स्थित दास पान ठेला के सामने जेसीबी और चेन माउंट मशीन से गहरी खुदाई की जा रही थी। अचानक मिट्टी धंसने से वहां काम कर रहे किशुन कुमार (54), राकेश कुमार (28) और बैशाखिन (50) मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

इस घटना ने बीएसपी प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप है कि मजदूरों को बिना किसी सुरक्षा उपकरण, बैरिकेडिंग या मिट्टी धंसने से बचाव के पुख्ता इंतजामों के ही गहरे गड्ढे में उतार दिया गया था। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बीएसपी अस्पताल के सामने जमकर हंगामा किया और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। भारी जनदबाव और प्राथमिक जांच में स्पष्ट लापरवाही पाए जाने के बाद प्रबंधन ने यह निलंबन की कार्रवाई की है। वर्तमान में पुलिस और प्रबंधन दोनों इस मामले की गहनता से जांच कर रहे हैं कि आखिर इतनी बड़ी परियोजना में सुरक्षा प्रोटोकॉल को दरकिनार क्यों किया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक के साथ-साथ रोष का माहौल बना हुआ है।