ईंधन बचाने की अपील पर ‘सियासी जंग’: विपक्ष पर बरसे सीएम साय, बोले- “देशहित के हर काम में टांग अड़ाना कांग्रेस की आदत”

Follow Us

रायपुर। पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील पर छत्तीसगढ़ में राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस द्वारा इस अपील का विरोध किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तीखा पलटवार किया है। नई दिल्ली रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम साय ने कहा कि, कांग्रेस की फितरत ही ‘असहयोग’ की हो गई है। प्रधानमंत्री देशहित में जो भी सकारात्मक कदम उठाते हैं, कांग्रेस बिना सोचे-समझे उसका विरोध शुरू कर देती है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि, वैश्विक परिस्थितियों को देखते हुए ईंधन की बचत समय की मांग है और राज्य सरकार इस पर पूरी तरह अमल कर रही है। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि, मुख्यमंत्री के काफिले (कारकेड) में भी गाड़ियों की संख्या कम कर दी गई है ताकि संदेश साफ जाए।

अपने दिल्ली प्रवास के उद्देश्यों पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि, उनके साथ गृह मंत्री विजय शर्मा भी मौजूद हैं और वे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इस दौरान बस्तर में चलाए जा रहे ‘अग्रणी बस्तर’ और स्वास्थ्य अभियानों की प्रगति के साथ-साथ वहां नागरिकों के बनाए जा रहे कार्डों की जानकारी भी केंद्र को दी जाएगी। इसके अलावा, फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) में की गई बढ़ोतरी के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया। सीएम साय ने कहा कि, धान समेत कई फसलों की एमएसपी बढ़ने से छत्तीसगढ़ के लाखों किसानों को सीधा लाभ होगा और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।