मुंबई। बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट 79वें कान फिल्म फेस्टिवल में अपना जलवा बिखेर रही हैं। कान से अब तक आलिया के कई लुक सामने आ चुके हैं, जिन्हें काफी पसंद किया जा रहा है। इस बीच हाल ही में कान फिल्म फेस्टिवल से उनका एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने काफी सुर्खियां बटोरी हैं। इस वीडियो में आलिया कान फिल्म फेस्टिवल के दौरान फैंस की भीड़ में फंस जाती हैं। इस दौरान एक्ट्रेस परेशान नजर आती हैं और वो लोगों से शांत रहने की अपील भी करती हैं। आपको बता दें की आलिया भट्ट का वायरल वीडियो भारत पवेलियन के उद्घाटन समारोह के दौरान का है। यहां आलिया देश की सिनेमाई प्रतिभा का जश्न मनाने के लिए भारतीय डेलिगेशन के साथ पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने एक खास तौर पर डिजाइन की गई आइवरी रंग की सिल्क साड़ी-गाउन पहनी थी। कार्यक्रम की कई तस्वीरें और वीडियो सामने आए।
वहीं इसी दौरान एक वायरल वीडियो में आलिया फैंस और पैप्स की भीड़ के बीच परेशान नजर आईं। वीडियो में आलिया कार्यक्रम में अपने दूसरे लुक में नजर आ रही हैं। ऐसा लग रहा है कि आसपास की भीड़भाड़ के बीच वह परेशान हो गईं। वीडियो में आलिया फैंस और फोटोग्राफरों की भीड़ से घिर जाने के बाद काफी चिढ़ती हुई नजर आ रही हैं। वीडियो में कई फैंस और फोटोग्राफर आलिया के चारों ओर जमा हो जाते हैं, सभी उनके साथ सेल्फी और तस्वीरें लेने की कोशिश करते हैं। देखते-देखते स्थिति बिगड़ने लगती है और आलिया भीड़ में फंस जाती हैं, जिससे वो परेशान होने लगती हैं। आलिया को रास्ता बनाने की कोशिश करते हुए देखा जाता है, लेकिन कुछ देर के लिए भीड़ के कारण उनका रास्ता रुक जाता है। शुरुआत में वह फैंस से बातचीत करने के लिए रुकीं और कुछ देर उनके साथ सेल्फी भी लीं। हालांकि, भीड़ के लगातार बढ़ने पर आलिया को वीडियो में कहते हुए सुना जा सकता है, ‘हो गया अभी?’ इससे उनकी झुंझलाहट साफ झलकती है। उनके आसपास मौजूद बॉडीगार्ड भी भीड़ को शांत करने के लिए बार-बार ‘शांत हो जाइए, शांत हो जाइए’ कहते नजर आते हैं।
