नई दिल्ली। आज बिटकॉइन और गोल्ड में निवेश को लेकर दुनिया भर में बहस तेज हो गई है। एक तरफ Bitcoin को “डिजिटल गोल्ड” कहा जा रहा है, तो दूसरी तरफ सोना आज भी सबसे भरोसेमंद सुरक्षित निवेश माना जाता है। ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि, अगले 10 साल में कौन ज्यादा रिटर्न देगा? पिछले दशक के आंकड़ों पर नजर डालें तो Bitcoin ने निवेशकों को चौंकाने वाला रिटर्न दिया है। साल 2016 में जहां Bitcoin की कीमत करीब 430 डॉलर थी, वहीं 2025 में यह 1.26 लाख डॉलर तक पहुंच गया। इसके मुकाबले सोने की कीमतों में बढ़ोतरी अपेक्षाकृत धीमी रही।
हालांकि, बाजार में गिरावट के दौरान Bitcoin में भारी उतार-चढ़ाव भी देखने को मिला। दूसरी ओर, पिछले पांच सालों में सोना मजबूत खिलाड़ी बनकर उभरा है। वैश्विक तनाव, आर्थिक अनिश्चितता और क्रिप्टो मार्केट में आई गिरावट के बीच निवेशकों ने सोने को सुरक्षित विकल्प माना। 2026 की शुरुआत में सोने ने रिकॉर्ड ऊंचाई छूते हुए शानदार रिटर्न दिया। मार्केट एक्सपर्ट्स का मानना है कि, Bitcoin में अभी भी तेज ग्रोथ की संभावना है, क्योंकि यह शुरुआती विकास चरण में है। वहीं सोना स्थिर और कम जोखिम वाला निवेश बना हुआ है। हालांकि, क्रिप्टोकरेंसी पर सख्त नियम, वैश्विक आर्थिक संकट और नई टेक्नोलॉजी जैसे फैक्टर भविष्य की तस्वीर बदल सकते हैं। ऐसे में निवेशकों के लिए समझदारी इसी में है कि, जोखिम और सुरक्षा के बीच संतुलन बनाकर निवेश करें।
