कस्टम ड्यूटी में 15% की बढ़ोतरी: चांदी 2.95 लाख के पार, जानें आपके गोल्ड फंड में कितनी हुई कमाई

Follow Us

नई दिल्ली। केंद्र सरकार द्वारा सोने और चांदी के आयात (Import) पर कस्टम ड्यूटी बढ़ाने के फैसले ने सर्राफा बाजार में तहलका मचा दिया है। जैसे ही नई दरें लागू हुईं, घरेलू बाजार में कीमती धातुओं की कीमतें आसमान छूने लगीं। इसका सीधा असर गोल्ड और सिल्वर ETFs पर पड़ा, जिनमें 15% तक की ऐतिहासिक तेजी दर्ज की गई। निवेशकों के लिए यह फैसला किसी जैकपॉट से कम साबित नहीं हुआ।

सरकारी फैसले के बाद Quantum Gold Fund लगभग 15% के उछाल के साथ टॉप पर रहा, वहीं Tata Gold ETF में 12% और Zerodha Gold ETF में 9% की बढ़त देखी गई। चांदी के बाजार में भी जबरदस्त खरीदारी रही, जहाँ HDFC और UTI Silver ETF ने निवेशकों को मालामाल कर दिया। दरअसल, सरकार ने कुल कस्टम ड्यूटी को 6% से बढ़ाकर 15% (10% बेसिक ड्यूटी + 5% AIDC) कर दिया है, जिसके कारण घरेलू बाजार में सोने-चांदी की सप्लाई महंगी हो गई और कीमतें बढ़ गईं।

MCX पर भी हलचल तेज रही,जुलाई 2026 डिलीवरी वाली चांदी 16,743 बढ़कर 2,95,805 प्रति किलोग्राम के पार निकल गई, जबकि जून गोल्ड फ्यूचर्स में भी 6% का बड़ा उछाल आया। एक्सपर्ट्स का कहना है कि ड्यूटी बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय कीमतों के मुकाबले भारतीय बाजार में कीमतें काफी ऊपर चली गई हैं। हालांकि, म्यूचुअल फंड डिस्ट्रीब्यूटर्स ने छोटे निवेशकों को सलाह दी है कि, वे मौजूदा उतार-चढ़ाव को देखकर घबराहट में कोई फैसला न लें। बाजार में लंबी अवधि के फायदों के लिए SIP (सिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान) के जरिए निवेश जारी रखना ही समझदारी होगी, ताकि मैक्रोइकोनॉमिक दबाव के बीच भी पोर्टफोलियो मजबूत बना रहे।