छत्तीसगढ़ में भव्य सामूहिक विवाह महोत्सव: एक साथ 2300 से अधिक जोड़े बंधेंगे परिणय सूत्र में

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत आज पूरे प्रदेश में बड़े स्तर पर सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस ऐतिहासिक आयोजन में 2300 से अधिक जोड़े एक साथ विवाह के पवित्र बंधन में बंधेंगे। प्रदेश के सभी जिलों में आयोजित इस कार्यक्रम की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रशासनिक स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है ताकि समारोह को भव्य और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

इस आयोजन की खास बात यह है कि, इसमें विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग शामिल हो रहे हैं। हिंदू, मुस्लिम, ईसाई, बौद्ध सहित विशेष पिछड़ी जनजातियों के जोड़े अपने-अपने रीति-रिवाजों के अनुसार विवाह करेंगे। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विविधता और सामाजिक एकता का सुंदर उदाहरण पेश करेगा। सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद करना और विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसर को गरिमामय बनाना है। यह आयोजन प्रदेश में सामाजिक समरसता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करेगा।