70 वर्षीय रिटायर्ड वकील ने 5 साल की मासूम से की दरिंदगी, ‘नाना’ कहने वाली बच्ची को बनाया हवस का शिकार

Follow Us

भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से मानवता को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। यहाँ एक 70 वर्षीय रिटायर्ड वकील ने पड़ोस में रहने वाली 5 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया है। जिस उम्र में बुजुर्गों को बच्चों का रक्षक माना जाता है, उसी उम्र के इस आरोपी ने अपनी नातिन के साथ खेल रही मासूम को अपनी हवस का शिकार बना डाला।

यह दिल दहला देने वाली घटना हबीबगंज थाना क्षेत्र की है। आरोपी, जो भोपाल कोर्ट में लंबे समय तक वकालत कर चुका है, के घर पड़ोस में रहने वाले एक डिफेंस ऑफिसर की छोटी बेटी अक्सर खेलने आया करती थी। बच्ची आरोपी को ‘नाना’ कहकर बुलाती थी और उसकी अपनी नातिन के साथ खेला करती थी। वारदात वाले दिन भी बच्ची हमेशा की तरह खेलने पहुँची थी, तभी आरोपी की नीयत बिगड़ गई और उसने अकेलेपन का फायदा उठाकर मासूम के साथ दरिंदगी की।

हैवानियत की इस घटना का खुलासा तब हुआ जब बच्ची घर लौटी और उसकी माँ ने उसके शरीर पर चोट के निशान देखे। जब माँ ने प्यार से पूछताछ की, तो मासूम ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई। बच्ची की हालत और उसकी बातें सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए आरोपी बुजुर्ग को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। कानून के रक्षक रहे एक पूर्व वकील की इस घिनौनी करतूत ने पूरे शहर को आक्रोशित कर दिया है। पीड़ित परिवार अब आरोपी के लिए कड़ी से कड़ी सजा की मांग कर रहा है।