पीएनबी Q4 रिजल्ट: 5225 करोड़ का मुनाफा, निवेशकों के लिए बड़ा तोहफा

Follow Us

पंजाब नेशनल बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के शानदार नतीजे जारी किए हैं। बैंक का शुद्ध लाभ 14% की बढ़ोतरी के साथ 5,225 करोड़ रुपये पहुंच गया, जो पिछले साल इसी अवधि में 4,567 करोड़ रुपये था। पूरे वित्त वर्ष में बैंक का कुल मुनाफा बढ़कर 16,904 करोड़ रुपये हो गया। बैंक ने निवेशकों के लिए प्रति शेयर 3 रुपये के डिविडेंड की सिफारिश की है, जो 150% भुगतान के बराबर है। हालांकि, इस पर अंतिम फैसला वार्षिक आम बैठक में शेयरधारकों की मंजूरी के बाद लिया जाएगा। इस तिमाही में बैंक की शुद्ध ब्याज आय में हल्की गिरावट दर्ज की गई, जो घटकर 10,380 करोड़ रुपये रह गई।

वहीं प्रोविजनिंग में भी पिछली तिमाही की तुलना में कमी आई, लेकिन पिछले साल के मुकाबले यह थोड़ी अधिक रही। एसेट क्वालिटी में सुधार देखने को मिला है। सकल एनपीए घटकर 2.95% और शुद्ध एनपीए 0.29% पर आ गया है, जो बैंक की मजबूत रिकवरी को दर्शाता है। इसके अलावा CASA अनुपात बढ़कर 73.7% हो गया है, जिससे बैंक की सस्ते फंडिंग क्षमता मजबूत हुई है। कारोबार के स्तर पर भी बैंक ने मजबूत प्रदर्शन किया है। वैश्विक कारोबार 29.72 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है, जबकि घरेलू कारोबार में भी 10% की वृद्धि दर्ज की गई है। नतीजों के बाद बैंक के शेयर में हल्की गिरावट जरूर देखी गई, लेकिन लंबे समय में इसमें मजबूती बनी हुई है। यह प्रदर्शन बैंकिंग सेक्टर में सकारात्मक संकेत देता है।