शेयर बाजार अपडेट: जबरदस्त बिकवाली से सेंसेक्स 800 अंक टूटा, निवेशकों को बड़ा झटका

Follow Us

मुंबई। घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को भारी गिरावट देखने को मिली, जिससे निवेशकों की संपत्ति को बड़ा झटका लगा। कारोबार की शुरुआत से ही बाजार दबाव में रहा और कुछ ही घंटों में करीब 4 लाख करोड़ रुपए का नुकसान दर्ज किया गया। वैश्विक हालात और कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल इसका मुख्य कारण बने। बताया जा रहा है कि, कच्चे तेल की कीमत 120 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंचने और दुनिया भर के बाजारों में बिकवाली के माहौल का असर भारतीय बाजार पर भी पड़ा। वहीं, अमेरिकी केंद्रीय बैंक द्वारा ब्याज दरों में कटौती न करने के फैसले ने भी निवेशकों की चिंता बढ़ा दी।

इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय तनाव ने बाजार की हालत और बिगाड़ दी। अमेरिका की ओर से प्रतिबंध जारी रखने की घोषणा और ईरान की संभावित कार्रवाई की चेतावनी ने निवेशकों को सतर्क कर दिया, जिससे बड़े पैमाने पर बिकवाली हुई। सुबह के कारोबार में सेंसेक्स करीब 800 अंकों से ज्यादा टूटकर 76 हजार के आसपास पहुंच गया, जबकि निफ्टी में भी 250 अंकों से अधिक की गिरावट दर्ज की गई। बैंकिंग, ऑटो और अन्य प्रमुख सेक्टरों में कमजोरी साफ दिखाई दी।

30 प्रमुख शेयरों में से केवल दो ही बढ़त में रहे, जबकि अधिकांश कंपनियों के शेयर लाल निशान में कारोबार करते नजर आए। खासतौर पर बैंकिंग और नई तकनीकी कंपनियों में गिरावट ज्यादा रही। कुल मिलाकर बाजार की इस गिरावट ने निवेशकों की पूंजी में भारी कमी ला दी है। विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक वैश्विक स्थिति स्थिर नहीं होती, तब तक बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।