जगदलपुर। बस्तर थाना क्षेत्र के रेटावंड गांव में बाहरी परिवार की मौजूदगी और कथित धर्म प्रचार के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। मामले ने उस समय तूल पकड़ लिया जब ग्रामीणों और पास्टर पक्ष के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की स्थिति बन गई। घटना के बाद मामला थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों ने अपनी-अपनी शिकायतें रखीं। जानकारी के अनुसार, ओडिशा से आया एक परिवार कुछ समय से गांव में रह रहा था। ग्रामीणों ने परिवार के गांव में रहने और पास्टर द्वारा धर्म प्रचार किए जाने पर आपत्ति जताई, जिसके बाद तनाव बढ़ गया।

दूसरी ओर विशेष समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि, परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौज और डराने-धमकाने की घटना हुई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप किया। थाना स्तर पर गांव के प्रमुखों, सरपंच, कोटवार और दोनों पक्षों की बैठक कराई गई, जहां आपसी समझाइश के जरिए विवाद सुलझाने की कोशिश की गई।
बैठक में सहमति बनी कि संबंधित परिवार बच्चों की परीक्षा समाप्त होने के बाद गांव छोड़ देगा। इसके साथ ही दोनों पक्षों को शांति बनाए रखने और किसी भी तरह की उकसावे वाली गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी गई। फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन इस घटना ने सामाजिक संवेदनशीलता और ग्रामीण स्तर पर बढ़ते तनाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।
