नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मिली अंतिम सुरक्षा मंजूरी, जल्द शुरू होंगी वाणिज्यिक उड़ानें

Follow Us

नोएडा। उत्तर प्रदेश और देश के एविएशन सेक्टर के लिए बड़ी खुशखबरी है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने अपने संचालन का अंतिम सुरक्षा पड़ाव पार कर लिया है। केंद्रीय ब्यूरो ऑफ सिविल एविएशन सिक्योरिटी (BCAS) ने एयरपोर्ट के एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम (ASP) को मंजूरी देते हुए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट जारी किया है। यह मंजूरी एयरपोर्ट की सुरक्षा मानकों और प्रक्रियाओं की पूरी तैयारी का संकेत है और यात्रियों की सुरक्षा के लिहाज से इसे पूरी तरह सक्षम बनाती है। ASP स्वीकृति के साथ ही अब एयरपोर्ट से कमर्शियल फ्लाइट्स का संचालन शुरू करने का रास्ता साफ हो गया है। एयरपोर्ट प्रबंधन ने बताया कि एयरलाइंस और अन्य साझेदारों के साथ समन्वय स्थापित कर उड़ानों की शुरुआत की तारीख जल्द तय की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, एयरपोर्ट पर सभी सिस्टम, प्रक्रियाएं और स्टाफ पूरी तरह तैयार हैं, ताकि यात्री शुरुआत से ही सुरक्षित, तेज और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव ले सकें। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट न सिर्फ दिल्ली-एनसीआर बल्कि पूरे उत्तर भारत के लिए हवाई यात्रा का नया केंद्र बनेगा, और क्षेत्र में रोजगार, व्यापार और कनेक्टिविटी को बढ़ावा देगा।