CM रेखा गुप्ता का बड़ा फैसला: दिल्ली में आएंगे स्मार्ट राशन कार्ड! QR कोड से फर्जीवाड़े पर रोक

Follow Us

नई दिल्ली। राजधानी में राशन वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और हाईटेक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने QR कोड आधारित स्मार्ट राशन कार्ड जारी करने के निर्देश दिए हैं। नए कार्ड डिजिटल फीचर्स से लैस होंगे, जिससे लाभार्थियों की पहचान आसान होगी और फर्जीवाड़े पर लगाम लगेगी। सरकार का कहना है कि, QR कोड स्कैनिंग और डिजिटल ट्रैकिंग के जरिए राशन वितरण की निगरानी मजबूत होगी।

इससे पात्र लोगों तक सही समय पर राशन पहुंचाने में मदद मिलेगी। साथ ही वितरण में गड़बड़ी, कटौती और डुप्लीकेसी जैसी शिकायतों पर भी रोक लगेगी। मुख्यमंत्री ने 1 मई से हर शनिवार ‘जन शिकायत समाधान कैंप’ शुरू करने का भी ऐलान किया है। सुबह 9 से 11 बजे तक लगने वाले इन कैंपों में राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं का मौके पर निपटारा किया जाएगा।

नए कार्ड, नाम जोड़ने, गलत जानकारी सुधारने और अन्य मामलों पर तत्काल कार्रवाई होगी। सरकार नए लाभार्थियों के चयन के लिए विशेष समिति बनाने की तैयारी में है, ताकि पात्रता की निष्पक्ष जांच हो सके। मुख्यमंत्री ने डीलरों और सप्लाई चेन में जवाबदेही तय करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके साथ ही ‘वन नेशन, वन राशन कार्ड’ और मुफ्त एलपीजी योजना की समीक्षा करते हुए पात्र परिवारों को जल्द लाभ से जोड़ने पर जोर दिया गया। सरकार का दावा है कि नई व्यवस्था से राशन सिस्टम अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनेगा।