नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (AAP) और भाजपा में शामिल हो चुके राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच की सियासी जंग अब बेहद निजी और कड़वे मोड़ पर पहुंच गई है। चड्ढा द्वारा AAP छोड़ने के फैसले और पार्टी के माहौल को ‘जहरीला’ बताए जाने के बाद, दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री सौरभ भारद्वाज ने उन पर तीखा पलटवार किया है। भारद्वाज ने सनसनीखेज दावा करते हुए कहा कि, राघव चड्ढा की पहचान और यहाँ तक कि अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा से उनकी शादी भी केवल इसलिए संभव हो पाई क्योंकि पार्टी ने उन्हें राज्यसभा भेजकर एक बड़ा रसूख दिया था, वरना उन्हें कोई पूछता तक नहीं।
सौरभ भारद्वाज ने चड्ढा के ‘नौकरी बदलने’ वाले तर्क को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि, राजनीति विचारधारा का विषय है, व्यक्तिगत करियर का नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि, चड्ढा ने उस संगठन के साथ गद्दारी की जिसने उन्हें फर्श से अर्श तक पहुँचाया। भारद्वाज ने यहाँ तक कह दिया कि, संसद में चड्ढा द्वारा उठाए गए मुद्दे, जैसे एयरपोर्ट पर सस्ते समोसे या गिग वर्कर्स की समस्या, दरअसल केंद्र सरकार के इशारे पर उनकी छवि चमकाने के लिए बुने गए थे। उनके अनुसार, यह सब भाजपा में शामिल होने की एक सोची-समझी स्क्रिप्ट का हिस्सा था।
दूसरी ओर, राघव चड्ढा ने अपना बचाव करते हुए कहा कि, वह CA का शानदार करियर छोड़कर राजनीति में बदलाव के लिए आए थे, लेकिन अब पार्टी कुछ भ्रष्ट लोगों के प्रभाव में आकर अपना मूल रास्ता भटक गई है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि, जब किसी कार्यस्थल पर मेहनत को दबाया जाए और माहौल दमघोंटू हो जाए, तो वहां से निकलना ही बेहतर होता है। हालांकि, चड्ढा के इस तर्क को AAP ने ‘पीठ में छुरा घोंपना’ करार दिया है। सितंबर 2023 में हुई परिणीति और राघव की हाई-प्रोफाइल शादी अब दिल्ली की राजनीतिक बयानबाजी का मुख्य केंद्र बन गई है।
