गुरुग्राम। शहर के सेक्टर-53 स्थित बंजारा मार्केट की झुग्गियों में दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक 24 साल के युवक अमन की गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। हत्यारे इतने शातिर थे कि, उन्होंने वारदात को अंजाम देने के बाद शव को एक लोहे के संदूक में बंद कर दिया ताकि किसी को भनक न लगे। हालांकि, झुग्गी से आती तेज दुर्गंध ने इस काले राज का पर्दाफाश कर दिया और इलाके में हड़कंप मच गया।
पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि, इस हत्याकांड की जड़ में ‘अवैध संबंध’ और ‘शक’ थे। मृतक अमन जिस सुनीता नाम की महिला के साथ रह रहा था, उसके संबंध मुख्य आरोपी सोनू कुमार के साथ भी थे। जब अमन को इस बात की भनक लगी, तो वह सोनू की राह का कांटा बन गया। इसी रंजिश में सोनू ने अपने साथी मोहम्मद मिराज के साथ मिलकर 25 अप्रैल की सुबह अमन का गला घोंट दिया और शव को संदूक में छिपाकर फरार हो गए।
घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतक के भाई को खुद सुनीता ने फोन कर अमन की मौत की जानकारी दी। सूचना मिलते ही थाना सेक्टर-53 पुलिस और क्राइम सीन टीम मौके पर पहुंची और संदूक से सड़ी-गली लाश बरामद की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 27 अप्रैल को बिहार के रहने वाले दोनों आरोपियों, सोनू और मिराज को धर दबोचा। इस खौफनाक वारदात ने एक बार फिर रिश्तों में पनप रहे विश्वासघात और अपराध की भयावह तस्वीर को उजागर कर दिया है।
