नई दिल्ली। गाजियाबाद के यूट्यूबर सलीम वास्तिक को दिल्ली पुलिस ने 31 साल पुराने हत्या और अपहरण के मामले में गिरफ्तार किया है। सलीम वास्तिक, असली नाम सलीम खान, गाजियाबाद में पहचान छिपाकर रह रहा था। उसे पुलिस थाना ले जाकर पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार, सलीम पर दिल्ली के गोकलपुरी थाने में 13 वर्षीय संदीप बंसल के अपहरण और हत्या का केस दर्ज था। 20 जनवरी 1995 को सलीम ने बच्चे का अपहरण कर रंगदारी मांगी और हत्या कर दी थी। 1997 में उसे आजीवन कारावास की सजा दी गई, लेकिन 2000 में जमानत मिलने के बाद वह फरार हो गया। पिछले 25 वर्षों में वह शामली, मुजफ्फरनगर, मेरठ और गाजियाबाद में छिपकर रहा। हाल ही में सलीम चर्चा में तब आया, जब 27 फरवरी को दो भाइयों ने उस पर हमला किया और उसे 14 बार चाकू मारा। एक महीने के इलाज के बाद वह स्वस्थ हुआ। उस हमले के आरोपी दोनों भाई एनकाउंटर में मारे जा चुके हैं। इस्लाम धर्म छोड़ चुके यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर दिनदहाड़े नकाबपोश हमलावरों ने बिना नंबर प्लेट की बाइक से हमला किया था।
गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक गिरफ्तार, 25 साल से हत्या के केस में फरार था
