‘भरोसा नहीं तो चीन से पूछ लीजिए…’ राहुल गांधी पर जनरल नरवणे का तीखा पलटवार

Follow Us

पूर्व सेना प्रमुख मनोज मुकुंद नरवणे ने भारत-चीन सीमा विवाद को लेकर विपक्ष के आरोपों पर कड़ा जवाब दिया है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा भारत की जमीन खोने के दावों को खारिज करते हुए नरवणे ने कहा कि, यदि किसी को प्रधानमंत्री, रक्षा मंत्री या सेना प्रमुख पर भरोसा नहीं है, तो चीन से पूछ लेना चाहिए। अपनी अप्रकाशित किताब भाग्य के चार सितारे को लेकर उठे विवाद पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि, पुस्तक के अंशों को गलत तरीके से पेश किया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि, सीमा पर तनाव के दौरान सरकार ने उन्हें कभी अकेला नहीं छोड़ा और सेना को स्थिति के अनुसार कार्रवाई के पूरे अधिकार थे। नरवणे ने कहा कि, अगर हालात की मांग होती, तो भारतीय सैनिकों को चीनी सेना पर जवाबी कार्रवाई की अनुमति थी।

उन्होंने इस बात से इनकार किया कि, सरकार की ओर से किसी तरह की अनिश्चितता या भ्रम की स्थिति थी। यह विवाद उस समय बढ़ा था जब राहुल गांधी ने संसद में दावा किया था कि, किताब से यह संकेत मिलता है कि, सरकार ने सैन्य निर्णयों में स्पष्ट निर्देश नहीं दिए। हालांकि नरवणे ने अब कहा है कि, आदेश पूरी तरह स्पष्ट थे और सैनिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता थी। पूर्व सेना प्रमुख के इस बयान को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है, क्योंकि इससे सीमा विवाद और राष्ट्रीय सुरक्षा पर चल रही बहस को नया मोड़ मिल गया है। बयान के बाद इस मुद्दे पर सियासी प्रतिक्रिया तेज होने की संभावना है।