रायपुर। छत्तीसगढ़ वन विभाग ने रायपुर में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को 20 किलो वजनी जिंदा पैंगोलिन के साथ गिरफ्तार किया है। जब्त पैंगोलिन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्यारेलाल गोपचे और गोखन हलदार के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के रहने वाले हैं। वन विभाग के अनुसार दोनों के खिलाफ वन्यजीव तस्करी के मामले में आगे की जांच की जा रही है।जानकारी के मुताबिक, वन विभाग को सूचना मिली थी कि भाठागांव के पास रावांभाठा क्षेत्र में वालफोर्ट सिटी के पीछे स्थित एक झुग्गी में दो संदिग्ध व्यक्ति मौजूद हैं और उनके पास एक जिंदा पैंगोलिन है। सूचना की पुष्टि के लिए विभाग ने एक कर्मचारी को ग्राहक बनाकर मौके पर भेजा। मौके पर पहुंचकर कर्मचारी ने तस्करों से पैंगोलिन दिखाने को कहा, जिसके बाद दोनों ने जानवर पेश किया और उसकी कीमत करीब 50 करोड़ रुपये बताई। जैसे ही सौदे की पुष्टि हुई, बाहर मौजूद वन विभाग की टीम को संकेत दिया गया और तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी गई। टीम के पहुंचते ही आरोपी भागने लगे, लेकिन उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया गया। वन विभाग ने बताया कि दोनों की तलाश पिछले एक सप्ताह से की जा रही थी और अब उन्हें सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया गया है।
रायपुर में झुग्गी से पैंगोलिन की तस्करी का भंडाफोड़, 20 किलो जिंदा पैंगोलिन के साथ दो गिरफ्तार
