राजनांदगांव। अवैध शराब बिक्री और अधिक कीमत वसूली के खिलाफ आबकारी विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए मंगलवार को दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की। विभाग ने एक ओर जहां अवैध शराब की बड़ी खेप जब्त की, वहीं दूसरी ओर निर्धारित दर से ज्यादा कीमत वसूलने वाले सेल्समैन को ब्लैकलिस्ट कर दिया। बागनदी थाना क्षेत्र में मुखबिर की सूचना पर आबकारी टीम ने अमृत पाल सिंह भाटिया के रिहायशी मकान पर छापा मारा। तलाशी के दौरान महाराष्ट्र निर्मित ‘देशी दारू संत्री’ की 140 बोतलें (प्रत्येक 90 एमएल) बरामद की गईं, जिसकी कुल मात्रा 12.600 बल्क लीटर है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर रेवाडीह-01 स्थित विदेशी मदिरा दुकान की जांच की गई। जांच में पाया गया कि सेल्समैन युगल किशोर खरे ‘वन शॉट’ व्हिस्की का पाव, जिसकी एमआरपी 150 रुपये है, उसे 200 रुपये में बेच रहा था। इस अनियमितता पर विभाग ने कड़ी कार्रवाई करते हुए सेल्समैन को ब्लैकलिस्ट कर दिया।
अवैध शराब पर आबकारी विभाग की सख्ती: ओवररेटिंग पर सेल्समैन ब्लैकलिस्ट, 140 बोतल जब्त
