दुर्ग में जल संकट से जूझती जनता, वोरा ने निगम को चेताया- “भीषण गर्मी में दें त्वरित समाधान, वरना जनता करेगी घेराव”

Follow Us

दुर्ग। जिले में नगर निगम के वार्ड क्रमांक 59 में आज भी लगभग 1000 घरों के निवासी मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष करने को विवश हैं। क्षेत्र में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है। नालियों की नियमित सफाई के अभाव में गंदगी और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है, वहीं जर्जर सड़कों की स्थिति ने जनजीवन को और अधिक कष्टदायक बना दिया है। अनेक बार शिकायतें और निवेदन किए जाने के बावजूद ठोस कार्यवाही का अभाव प्रशासनिक उदासीनता को उजागर करता है, जिससे आमजन में असंतोष गहराता जा रहा है।

पानी की इस विकट स्थिति ने कई परिवारों को अस्थायी रूप से अपने ही घरों से दूर जाने के लिए मजबूर कर दिया है, जो हालात की गंभीरता का स्पष्ट संकेत है। इस मुद्दे को लेकर छाया पार्षद नीतिका सिंह भी नागरिकों के साथ खड़ी होकर त्वरित समाधान की मांग कर रही हैं। इसी क्रम में क्षेत्रवासियों ने अपनी पीड़ा दुर्ग के पूर्व विधायक एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण वोरा के समक्ष रखी। जनभावनाओं को गंभीरता से सुनते हुए वोरा ने तत्काल कलेक्टर एवं निगम आयुक्त से दूरभाष पर चर्चा कर इस समस्या के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि, भीषण गर्मी के इस दौर में जनता को पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसना पड़ रहा है, जो अत्यंत दुःखद और अस्वीकार्य है।

उन्होंने कहा, “स्थिति यह है कि बच्चों तक के दैनिक जीवन पर इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है- न स्नान संभव है, न ही सामान्य दिनचर्या सुचारु रूप से चल पा रही है। यह केवल असुविधा नहीं, बल्कि जनस्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है।”वोरा ने निगम प्रशासन को चेताते हुए कहा कि, यदि तीन दिनों के भीतर स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो वे स्वयं आम नागरिकों के साथ मिलकर नगर निगम का घेराव करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोग सहभागी होंगे।