कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के कुलगांव स्थित एक राइस मिल में मंगलवार को भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। अजीबी एग्रो राइस मिल के गोदाम में अचानक लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे बड़ी मात्रा में धान, चावल और बारदाना जलकर खाक हो गया। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद भी आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार प्रयास जारी रहे।

मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, गोदाम में रखे धान के बोरे तेजी से आग की चपेट में आ गए, जिससे नुकसान और बढ़ गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोदाम से उठती ऊंची लपटें और घना धुआं साफ देखा जा सकता है। राइस मिल के मालिक मोहम्मद आवेश ने आशंका जताई है कि, आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। उन्होंने बताया कि, इस हादसे में चावल, धान और खाली बोरे समेत काफी सामग्री जल गई है। हालांकि, नुकसान का सटीक आकलन अभी नहीं किया जा सका है। फिलहाल प्रशासन और दमकल विभाग की टीम स्थिति पर नजर बनाए हुए है। इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
