गरियाबंद। भीषण गर्मी के बीच जनगणना कार्य में जुटे प्रगणकों की सेहत का ख्याल रखते हुए प्रशासन ने सराहनीय पहल की है। देवभोग तहसील में फील्ड प्रैक्टिकल से पहले तहसीलदार अजय चंद्रवंशी ने प्रगणकों को लू से बचाव के लिए प्याज और सफेद टॉवेल वितरित किए। वहीं, कार्य से लौटने पर डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए नींबू शरबत की व्यवस्था भी की गई। दरअसल, आगामी जनगणना 2027 के तहत 1 से 30 मई तक होने वाले मकान सूचीकरण और डिजिटल डेटा कलेक्शन के लिए प्रगणकों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसी कड़ी में दूसरे चरण का फील्ड प्रैक्टिकल घोघर और लाटापारा गांवों में आयोजित किया गया, जहां करीब 100 प्रगणक शामिल हुए। पती धूप और 43 डिग्री से अधिक तापमान को देखते हुए प्रशासन ने यह पहल की, ताकि प्रगणकों की सेहत प्रभावित न हो।

इस दौरान जनगणना प्रभारी और ट्रेनिंग टीम भी मौजूद रही। प्रगणकों ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि, इससे उन्हें काम करने में काफी सहूलियत मिली और उनका मनोबल भी बढ़ा। तहसीलदार ने बताया कि, यह अभियान जितना महत्वपूर्ण है, उतने ही जरूरी इसमें जुड़े सभी कर्मचारी हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना प्राथमिकता है। अभियान के तहत प्रगणकों को 25 हजार रुपये का मानदेय दिया जाएगा, वहीं प्रशिक्षण अवधि के लिए प्रतिदिन 400 रुपये भी मिलेंगे। साथ ही पेपरलेस कार्य के लिए एंड्रॉयड 12 मोबाइल अनिवार्य किया गया है।

