रायपुर बार में बवाल: युवक ने बीयर बोतल से किया हमला, व्यापारी लहूलुहान, आरोपी फरार

Follow Us

रायपुर। राजधानी के रायपुरा चौक स्थित एक बार में देर रात हुई हिंसक घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। यहां एक युवक ने किराना व्यापारी पर बीयर की बोतल से हमला कर उसे घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, जामगांव निवासी व्यापारी संदीप अग्रवाल अपने मित्र के साथ 18 अप्रैल की रात बार गया था। दोनों देर रात करीब 11:30 बजे बार के बाहर खड़े थे, तभी तेज रफ्तार से एक कार वहां आकर रुकी।

इस दौरान कार सवार युवक की हरकत संदिग्ध लगी, जिससे बचने के लिए दोनों अंदर चले गए। आरोप है कि, कुछ ही देर बाद वही युवक बार के अंदर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए अचानक हमला कर दिया। उसने फ्रिज से बीयर की बोतल उठाकर संदीप अग्रवाल के सिर पर दे मारी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए और खून बहने लगा। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, जिसके बाद आरोपी वहां से भाग निकला। घायल व्यापारी को प्राथमिक उपचार दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जा सके।