बलरामपुर। जिले के वन परिक्षेत्र धमनी में वन विभाग ने अवैध शिकार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है जिसकी तलाश जारी है। जानकारी के अनुसार, उप परिक्षेत्र सुंदरपुर के डुग्गर क्षेत्र में आरोपियों को वन्यजीवों का अवैध शिकार करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। मौके से ‘चिड़िया रंग प्यारी’ की 3 संख्या और एक गिलहरी का शिकार मिला, साथ ही शिकार में इस्तेमाल किए गए हथियार भी जब्त किए गए।

इस मामले में वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। प्रकरण दर्ज होने के बाद वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया और 19 अप्रैल 2026 को उन्हें जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया। यह कार्रवाई वनमंडलाधिकारी आलोक कुमार वाजपेयी के निर्देश पर की गई। अभियान का नेतृत्व उप वनमंडलाधिकारी वाड्रफनगर प्रेमचंद मिश्रा और परिक्षेत्राधिकारी धमनी केशव राज खटकर ने किया। इस दौरान वन विभाग की टीम, सहायक कर्मचारियों और वन प्रबंधन समिति के सदस्यों ने अहम भूमिका निभाई। वन विभाग ने साफ किया है कि, क्षेत्र में अवैध शिकार के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
