शादी का झांसा देकर दुष्कर्म, निजी वीडियो वायरल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

डोंगरगढ़। दुर्ग जिले के डोगरगढ़ क्षेत्र में एक गंभीर आपराधिक मामले का खुलासा हुआ है, जिसमें शादी का झांसा देकर एक महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में उसका निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। इस घटना ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया है। पीड़ित महिला ने 10 अप्रैल 2026 को थाना डोंगरगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उसकी मुलाकात लगभग 5–6 महीने पहले एक शादी समारोह के दौरान रायपुर जिले के भंडारपुरी निवासी 26 वर्षीय विकास कोसले से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से बातचीत शुरू हुई और संपर्क धीरे-धीरे बढ़ता गया।

आरोप है कि, 23 मार्च 2026 को आरोपी महिला से मिलने डोंगरगढ़ आया और उसे एक लॉज में ले जाकर शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। इसी दौरान उसने महिला का निजी वीडियो भी रिकॉर्ड कर लिया। बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया और कथित रूप से वही वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर वायरल कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने आरोपी को रायपुर से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि, सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से संबंध बनाते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना दें।