बलरामपुर। नगर पालिका में लंबे समय से चल रहे प्रशासनिक विवाद पर आखिरकार राज्य शासन ने कार्रवाई करते हुए मुख्य नगर पालिका अधिकारी (CMO) प्रणव राय का तबादला कर दिया है। इस निर्णय के बाद नगर पालिका क्षेत्र में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है और पार्षदों ने इसे अपनी जीत बताया है। CMO प्रणव राय पर जनप्रतिनिधियों के साथ अभद्र व्यवहार करने और धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगे थे। मामला तब और गरमाया जब सोशल मीडिया पर एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग वायरल हो गई, जिसमें उनकी बातचीत को लेकर कई सवाल खड़े हुए। इस घटना के बाद नगर पालिका का माहौल तनावपूर्ण हो गया था।

आपको बता दें, भाजपा सहित कई पार्षदों ने एकजुट होकर CMO के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था और उनके कार्य व्यवहार पर गंभीर आपत्ति जताई थी। पार्षदों का आरोप था कि, अधिकारी का रवैया सहयोगात्मक नहीं था, जिससे विकास कार्य और प्रशासनिक कामकाज प्रभावित हो रहा था। इस पूरे मामले को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों और शासन स्तर पर शिकायतें भी भेजी गई थीं। लगातार बढ़ते विवाद और दबाव के बाद शासन ने अंततः तबादले का फैसला लिया। तबादले की खबर सामने आते ही पार्षदों ने राहत की सांस ली और शासन के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि, यह कदम नगर पालिका में बेहतर प्रशासनिक माहौल बनाने की दिशा में अहम साबित होगा। अब उम्मीद जताई जा रही है कि, नए अधिकारी के आने से कामकाज में सुधार होगा।
