राइस मिल में बड़ा हादसा: एलिवेटर फटने से मजदूर की दर्दनाक मौत, इलाके में शोक

Follow Us

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र स्थित खपरी गांव में गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक औद्योगिक हादसा सामने आया। शिवायम राइस मिल में काम के दौरान एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।

जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब ढाई बजे मिल में धान लोडिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक एलिवेटर का टीन तेज आवाज के साथ फट गया। हादसे के समय वहां काम कर रहे मजदूर राकेश केवट धान के ढेर में दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें निकालने की कोशिश की, लेकिन काफी देर तक वे फंसे रहे। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी हालत बिगड़ती गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस हादसे में एक अन्य मजदूर बाल-बाल बच गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना के तुरंत बाद राकेश को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई। पुलिस ने मिल प्रबंधन और कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। यह भी जांच की जा रही है कि, सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और पूरे क्षेत्र में दुख का माहौल है।