भीड़ हुई बेकाबू: पुलिस पर हमला, 5 आरोपी गिरफ्तार

Follow Us

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के फोगरम गांव में पुलिस पर हमले के मामले में अब सख्त कार्रवाई शुरू हो गई है। घटना के बाद पुलिस ने तेजी दिखाते हुए अब तक 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक दर्जन से अधिक आरोपी अब भी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।

दरअसल, दो दिन पहले गांव में एक दर्दनाक हादसे में 9 साल की बच्ची की कार की चपेट में आने से मौत हो गई थी। इस घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने बच्ची के शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। हालात बिगड़ते देख पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन इसी दौरान कुछ उपद्रवियों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया। पथराव में एक पुलिस जवान घायल हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस का कहना है कि, भीड़ का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की। मामले की गंभीरता को देखते हुए 17 नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों पर हत्या के प्रयास, बलवा और शासकीय कर्मचारी पर हमला जैसे गंभीर और गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई की है। अधिकारियों ने स्पष्ट कहा है कि, कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है और पूरे इलाके में स्थिति पर नजर बनाए हुए है।